ओडिया संगीत और फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने संगीतकार और गायक अभिजीत मजूमदार का शनिवार सुबह निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे और लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने AIIMS भुवनेश्वर में अंतिम सांस ली। उनके निधन से ओडिया सिनेमा और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
लंबी बीमारी से जूझ रहे थे अभिजीत मजूमदार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिजीत मजूमदार को पिछले साल सितंबर 2025 में तबीयत बिगड़ने के बाद AIIMS भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत कई बार गंभीर हुई। डॉक्टरों के मुताबिक, वह संक्रमण, फेफड़ों से जुड़ी परेशानी और अन्य जटिलताओं से जूझ रहे थे। तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
ओडिया संगीत जगत को लगा बड़ा झटका
अभिजीत मजूमदार का जाना ओडिया म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। वह सिर्फ एक संगीतकार नहीं, बल्कि ऐसे कलाकार थे, जिनकी धुनें हर वर्ग के श्रोताओं के दिल तक पहुंचती थीं। उनके गीतों में लोक संगीत की मिठास और आधुनिक संगीत का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलता था।
30 साल से ज्यादा लंबा रहा शानदार करियर
अभिजीत मजूमदार ने 1991 में अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने कई ओडिया फिल्मों के लिए सैकड़ों गाने कंपोज किए है। म्यूजिक डायरेक्टर के साथ-साथ सिंगर के तौर पर भी पहचान बनाई। 700 से ज्यादा गानों में अपनी संगीत प्रतिभा का लोहा मनवाया है।उनकी धुनों ने कई फिल्मों को हिट बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इन फिल्मों से मिली खास पहचान
अभिजीत मजूमदार के संगीत ने कई ओडिया फिल्मों को दर्शकों के दिलों तक पहुंचाया। उन्होंने
लव स्टोरी, सिस्टर श्रीदेवी, गोलमाल लव, सुंदरगढ़ रा सलमान खान, श्रीमान सुरदास इन फिल्मों के गाने आज भी श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हैं।
सोशल मीडिया पर उमड़ा श्रद्धांजलि का सैलाब
अभिजीत मजूमदार के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर कलाकारों, सिंगर्स और फैंस ने उन्हें श्रद्धांजलि देनी शुरू कर दी। कई सेलेब्स ने उन्हें “ओडिया संगीत का सच्चा रत्न” बताते हुए भावुक पोस्ट साझा किए। फैंस का कहना है कि उनकी धुनें हमेशा जिंदा रहेंगी।संगीत के जरिए हमेशा याद किए जाएंगे अभिजीत मजूमदार।
अभिजीत मजूमदार भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका संगीत उन्हें हमेशा जिंदा रखेगा। ओडिया संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।





